प्रदेश - 01 April, 2021
मप्र मौसम: तापमान में आई हल्की गिरावट लेकिन धूप की चुभन बरकरार, तीन दिन बाद और बढ़ेगी गर्मी
मप्र में अप्रैल के आगाज से पहले ही गर्मी ने अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है। मई जैसी गर्मी का अहसास अभी से होने लगा है।
भोपाल। मप्र में अप्रैल के आगाज से पहले ही गर्मी ने अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है। मई जैसी गर्मी का अहसास अभी से होने लगा है। सूरज की तेज धूप जहाँ चुभने लगी है। वही लू के थपेड़े शरीर को झुलसाने लगे हैं। दिन और रात का तापमान लगातार बढ़ रहा है। हालांकि पश्चिमी विक्षोभ के उत्तर भारत से गुजर जाने के बाद गुजरात, राजस्थान में अधिकतम तापमान में कुछ गिरावट आई है। इस वजह से मध्य प्रदेश में भी अधिकतम तापमान में कमी दर्ज की गई। बुधवार को सिर्फ रीवा में ही लू चली। शेष जिलों में भीषण गर्मी से कुछ राहत मिली। इसके बाद तापमान में बढोत्तरी होगी। आने वाले दिनों में अप्रेल माह में मई जैसी गर्मी का अहसास होगा। गर्म हवा 3 से 4 किलोमीटर की रफ्तार से चलेंगी। मौसम विभाग ने आने वाले दो चार दिनों में 42 डिग्री तक तापमान पहुंचने के साथ ही लू चलने की भी संभावना जताई है।
वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक अजय शुक्ला ने जानकारी देते हुए बताया कि पश्चिमी विक्षोभ के उत्तर भारत से आगे बढ़ जाने के कारण राजस्थान और गुजरात में तापमान कम होने लगा है। वहां से आ रही पश्चिमी हवा में भी तल्खी कम हुई है। इससे राजधानी सहित प्रदेश के अधिकतर जिलों में अधिकतम तापमान में कमी दर्ज होने लगी है। गुरुवार को एक पश्चिमी विक्षोभ के उत्तर भारत में पहुंचने की संभावना है। एक अन्य पश्चिमी विक्षोभ तीन अप्रैल को उत्तर भारत पहुंचेगा। इस बीच हवा का रुख उत्तरी और उत्तर-पूर्वी होने के आसार हैं। इससे दिन और रात के तापमान में और गिरावट हो सकती है। इन दोनों सिस्टम के गुजरने के बाद एक बार फिर तापमान बढऩे की संभावना है।
मौसम विभाग ने जारी की एडवाइजरी
गर्मी के तेवर देखते हुए मौसम विभाग ने एडवाइजरी जारी की है। जिसमे आने वाले दिनों में तेज लू चलने की संभावना को देखते हुए पानी पीकर निकलने, सूती हल्के वस्त्र, फूल आस्तीन के कपड़े पहनने के साथ ही सिर और चेहरे को ढककर रखने की सलाह दी है।
अप्रैल- मई माह में चलेंगी धूल भरी आंधी
मौसम विभाग के अनुसार इस वर्ष गर्मियों में अप्रैल से मई माह तक इंदौर, उज्जैन, ग्वालियर व चंबल संभाग सहित पश्चिम मध्य प्रदेश में धूल भरी आंधियां ज्यादा समय के लिए चलेंगी। इस वजह से वातावरण में धूल की मात्रा ज्यादा बरकरार रहेगी। इस बार पूर्वी मध्य प्रदेश के मुकाबले पश्चिमी मध्य प्रदेश गर्म रहेगा और गुजरात व राजस्थान से लगे इलाकों में अप्रैल व मई में धूल भरी आंधियां ज्यादा चलेंगी। इंदौर में लू के दिनों की संख्या ज्यादा नहीं होगी लेकिन लू के दिनों में तापमान की सीमा में तेजी से बढ़ोतरी देखने को मिलेगी।