प्रदेश - 03 March, 2021
मप्र में फिर बदलेगा मौसम का मिजाज, बादल छाने के साथ बूंदाबांदी के आसार
मप्र में मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है। कभी सर्दी तो कभी तेज गर्मी ने बेहाल कर रखा है। हवाओं का रुख उत्तरी और उत्तर पूर्वी होने से पिछले कुछ दिनों से तापमान में हुई बढ़ोत्तरी से राहत मिली है। #Weather will change #again in MP#expected drizzle
भोपाल। मप्र में मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है। कभी सर्दी तो कभी तेज गर्मी ने बेहाल कर रखा है। हवाओं का रुख उत्तरी और उत्तर पूर्वी होने से पिछले कुछ दिनों से तापमान में हुई बढ़ोत्तरी से राहत मिली है। मौसम विभाग के अनुसार अभी दो दिनों से गर्मी से राहत रहेगी लेकिन इसके बाद चार मार्च से एकबार फिर गर्मी में बेतहाशा बढ़ोत्तरी होगी। इस दौरान बादल भी छा सकते हैं। कहीं-कहीं बूंदाबांदी भी हो सकती है।
वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक अजय शुक्ला ने बताया कि अभी पूरे प्रदेश में अधिकतम और न्यूनतम तापमान सामान्य से अधिक बने हुए हैं। इस वजह से वातावरण में गर्मी बरकरार है। हालांकि अभी हवाएं उत्तरी और उत्तर-पूर्वी हो गई हैं। जिससे 20 किलोमीटर की औसत रफ्तार से चल रही हवाओं के कारण सुबह के समय सिहरन महसूस हो रही है। बुधवार को न्यूनतम तापमान में भी गिरावट होने के आसार हैं। तापमान में मामूली गिरावट होने का सिलसिला दो दिन तक बनी रह सकती है।
उधर, मंगलवार को एक पश्चिमी विक्षोभ उत्तर भारत के हिमालयीन क्षेत्र में प्रवेश कर चुका है। इसके प्रभाव से मध्य प्रदेश में मौसम का मिजाज फिर बदलेगा। हवा का रुख बदलकर दक्षिणी और दक्षिण-पश्चिमी होने लगेगा। हवा के साथ नमी आने की वजह से बादल छाने लगेंगे। इससे दिन के तापमान में गिरावट होगी, लेकिन रात का तापमान बढ़ेगा। पश्चिमी विक्षोभ के आगे बढऩे के बाद फिर मौसम साफ होने लगेगा।