प्रदेश - 08 February, 2021
मप्रः अब धीरे-धीरे कम होगा ठंड का असर, 8 जिलों में शीतलहर का अलर्ट
वर्तमान में कोई वेदर सिस्टम सक्रिय नहीं होने से मप्र के मौसम में परिवर्तन देखने को मिल रहा है। आसमान से बादल छंटने के साथ ही वातावरण में नमी कम होने लगी है। #bhopal, #MP effect cold, #cold alert , #8 districts
भोपाल। वर्तमान में कोई वेदर सिस्टम सक्रिय नहीं होने से मप्र के मौसम में परिवर्तन देखने को मिल रहा है। आसमान से बादल छंटने के साथ ही वातावरण में नमी कम होने लगी है। इस वजह से रविवार से दिन के तापमान में इजाफा होने लगा है। हालांकि उत्तर की तरफ से आ रही सर्द हवाओं के चलते मध्य प्रदेश के तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। जिससे प्रदेश में लगातार ठंड का असर बना हुआ है। मौसम विभाग ने 24 घंटों के लिए राजधानी भोपाल और जबलपुर सहित प्रदेश के 8 जिलों में शीतलहर चलने का अलर्ट जारी किया गया है।
वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक अजय शुक्ला ने बताया कि सोमवार से मौसम में तब्दीली आएगी। आने वाले 24 घंटे में प्रदेश के कुछ हिस्सों में शीतलहर चल सकती है। जिससे ठंड का असर बढ़ेगा, हालांकि सुबह और शाम के मौसम में नमी रहेगी। जबकि धूप निकलने से दोपहर में ठंड का असर ज्यादा नहीं रहेगा। इसके बाद न्यूनतम तापमान भी धीरे-धीरे बढ़ने लगेंगे। इससे वातावरण में ठंड कम होने लगेगी। हालांकि सोमवार से एक पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव उत्तर भारत में दिखने लगेगा, लेकिन इसकी आवृत्ति काफी कम रहने से इसका असर मध्य प्रदेश के मौसम पर पड़ने की संभावना कम ही है।
मौसम विभाग के मुताबिक राजस्थान और उससे लगे पाकिस्तान पर एक प्रति चक्रवात बन गया है। इसके असर से दिन के तापमान में सोमवार से और रात्रि के तापमान में मंगलवार से धीरे-धीरे बढ़ोतरी दर्ज होने लगेगी। हालांकि राजधानी में न्यूनतम तापमान तीन-चार दिन तक 10 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना रहने की संभावना है। वातावरण में नमी की मात्रा काफी कम होने के कारण अब कोहरा छाने के भी आसार कम हो गए हैं। साथ ही धूप में अब तल्खी महसूस होने लगेगी।
इन जिलों में रहेगा ठंड का असर
राजधानी भोपाल सहित, जबलपुर, बैतूल, खंडवा, रायसेन, सागर, सिवनी और धार जिले में शीतलहर चलने से ठंड का असर रहेगा। मौसम विभाग के मुताबिक इन सभी जिलों के तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी।