प्रदेश - 19 February, 2021
महंगाई के विरोध में कांग्रेस का बंद शनिवार को, कमलनाथ ने की सहयोग की अपील
पेट्रोल-डीजल और गैस की बढ़ती कीमतों के विरोध में कांग्रेस ने शनिवार को मध्यप्रदेश बंद का आह्वान किया है। कांग्रेस के इस बंद को सफल बनाने के लिए पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने व्यापारियों से अपील की है। #Congress shutdown , #protest against inflation,#Kamal Nath
भोपाल। पेट्रोल-डीजल और गैस की बढ़ती कीमतों के विरोध में कांग्रेस ने शनिवार को मध्यप्रदेश बंद का आह्वान किया है। कांग्रेस के इस बंद को सफल बनाने के लिए पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने व्यापारियों से अपील की है। उन्होंने इसके लिए एक वीडियो जारी किया है। शनिवार को आवश्यक वस्तुओं को छोड़कर प्रदेश में सभी कुछ बंद करने की बात कांग्रेस ने कही है। वहीं, यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ता इसके लिए अभियान चला रहे हैं।
पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने एक वीडियो जारी करके कहा है कि पेट्रोलियम पदार्थों की बढ़ती कीमतों से जनता परेशान हो रही है। प्रदेश सरकार जनता को राहत पहुंचाने के बजाय टैक्स वसूली में लगी है। सरकार के खिलाफ और आम लोगों को राहत देने के इरादे से कांग्रेस ने 20 फरवरी को मध्यप्रदेश बंद का आह्वान किया है। उन्होंने कहा कि मैं सबसे अपील करता हूं कि इस बंद में शामिल होकर सरकार को जगाने में साथ दें।
प्रदेश के सभी शहरों में बंद की जवाबदारी यूथ कांग्रेस को सौंपी गई है। इसके चलते शुक्रवार को दिन भर कार्यकर्ता बाजारों में घूम-घूमकर व्यापारियों से शनिवार को अपनी दुकानें बंद रखने का आह्वान करेंगे। इसके साथ ही उनसे बंद के समर्थन में सहमति भी ली जा रही है। मध्यप्रदेश युवा कांग्रेस मीडिया विभाग के अध्यक्ष विवेक त्रिपाठी ने कहा कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ के आह्वान पर हम प्रदेश भर में शांति पूर्ण बंद करेंगे। उन्होंने कहा कि यह बंद शनिवार दोपहर तक रहेगा। इस दौरान हम जबरन बंद नहीं कराएंगे। यह पूरी तरह से शांतिपूर्ण रहेगा। व्यापारियों से इसके समर्थन में बंद करने का अनुरोध करेंगे। हमने आवश्यक वस्तुओं और सेवाओं को बंद से बाहर रखा है। सिर्फ किराने, बर्तन, इलेक्ट्रानिक्स और अन्य दुकानदारों से अपना कारोबार शनिवार दोपहर बंद रखने के लिए कह रहे हैं। त्रिपाठी ने कहा कि बड़ी संख्या में व्यापारियों ने इसका समर्थन दिया है।